मरीजों को करना पड़ा घंटों इंतजार, कई मरीजों ने निजी सेंटरों में करवाई जांच
निशांत पटेल
पलवल। शहर स्थित जिला नागरिक अस्पताल में मंगलवार को स्वास्थ्य सेवाएं एक बार फिर चरमरा गईं जब सीटी स्कैन और एक्स-रे मशीनों ने काम करना बंद कर दिया। इससे शहर और आसपास के गांवों से आए सैकड़ों मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा, और कई को मजबूरी में निजी सेंटरों का रुख करना पड़ा। इस कारण एक तो उनका समय बर्बाद हुआ साथ में ही आर्थिक हानि भी हुई।
मरीजों और उनके परिजनों ने संवाददाता को बताया कि सुबह से ही सीटी स्कैन और एक्स-रे नहीं हो पा रहे थे। अस्पताल के एक्स-रे कक्ष में तैनात कर्मचारी ने पूछने पर बताया कि दो दिन से मशीन का रीडर खराब है। वहीं, सीटी स्कैन रूम के कर्मचारी ने बताया कि सीटी मशीन की ट्यूब खराब हो गई है, जिससे मशीन पूरी तरह बंद है। इस कारण अधिक परेशानी उन मरीजों को हुई जिन्हें आपातकालीन जांच की आवश्यकता थी। पलवल के ही एक मरीज के परिजन ने बताया कि सीटी स्कैन तुरंत कराना था, लेकिन यहां मशीन खराब थी। मजबूरी में हमें प्राइवेट सेंटर जाना पड़ा, जहां तीन गुना ज्यादा पैसे देने पड़े। साथ ही भिवाड़ी से आए व्यक्ति ने बताया कि पत्नी का सीटी कराना था, अब मशीन खराब होने की वजह से फिर दूर जाना पड़ेगा।
-
मामले की जानकारी मिलते ही इंजीनियर को बुला लिया गया है। मशीनों को सही कराया जा रहा है। - डॉ. सुरेश बरोलिया, एसएमओ
पिता को सिर में चोट लगी थी। डॉक्टर ने सीटी स्कैन करवाने को कहा, लेकिन मशीन खराब थी। हमें मजबूरी में प्राइवेट सेंटर जाना पड़ा, जहां 2500 रुपये देने पड़े। -सुभाष कुमार, गांव बामनीखेड़ा
सुबह 9 बजे से एक्स-रे के लिए बैठी थी, लेकिन दोपहर तक कोई काम नहीं हुआ। कर्मचारी ने बताया मशीन बंद है। गर्मी में घंटों इंतजार कराया गया। -रेखा देवी, मोहल्ला आदर्श नगर, पलवल
दो दिन से चक्कर काट रहे हैं। हर बार यही जवाब मिलता है एक्सरे मशीन खराब है। -यूसुफ खान, गांव बघोला
डॉक्टर ने तुरंत सीटी करवाने को कहा था, लेकिन यहां मशीन ही नहीं चल रही। प्राइवेट में पैसे भी ज्यादा लगे और वक्त भी ज्यादा चला गया। अगर कुछ गंभीर होता तो जिम्मेदार कौन होता। -सुमन, परिजन