बगड़ में थाली बाजेगी पर झूमे दर्शक, बाल महोत्सव के तीसरे दिन गीत, नृत्य और कला से सजा मंच
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और हरियाणा की लोक संस्कृति रही मुख्य थीम
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में चल रहे चार दिवसीय जिला स्तरीय बाल महोत्सव का तीसरा दिन बच्चों की कला, ऊर्जा और रचनात्मकता से सराबोर रहा। मंच पर हर प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। जब बाल कलाकारों ने बगड़ में थाली बाजेगी... गीत पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश देते हुए नृत्य प्रस्तुत किया तो पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ दीपक-कैंडल डेकोरेशन प्रतियोगिता ने भी महोत्सव को विशेष रंग दिया।
बच्चों ने हरियाणा की लोक संस्कृति पर आधारित कार्यक्रमों से मंच को जीवंत बना दिया। बच्चों ने अपने राज्य के प्रति गर्व और प्रेम का संदेश दिया, इसके अलावा पारंपरिक प्रस्तुति ने दर्शकों को ग्रामीण हरियाणवी परिवेश का अहसास कराया। दिवाली के आगमन से पहले आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने मोमबत्तियों, रंगीन मोतियों और फूलों से सजे दीपक बनाकर अपनी कल्पनाशक्ति का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की कलाकृतियां इतनी सुंदर थीं कि दर्शक लंबे समय तक उन्हें निहारते रहे। एसडीएम ज्योति मुख्य अतिथि रही। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार और जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा डागर सहित अन्य व्यक्ति मौजूद रहे।