हरियाणा में इन दिनों बोर्ड की परीक्षा चल रही है। पलवल जिले में आए दिन नकलची पकड़े जा रहे हैं। बुधवार को पलवल जिले के स्कूल नंबर पांच में एक नकलची को पकड़ा है। मिली जानकारी के मुताबिक, मौके पर मौजूद नोडल अधिकारी ने पर्ची समेत नकल कॉपी जब्त कर एमएनसी बनाई है।
इससे पहले मंगलवार को 10वीं बोर्ड की विज्ञान की परीक्षा आयोजित की गई। इस दौरान जिलेभर में चार नकलची व दूसरे की जगह परीक्षा देते एक फर्जी छात्र पकड़ा था। इनमें पिंजौर व दीघौट में एक-एक और हथीन में तीन छात्र पकड़े गए हैं। जिसमें से एक फर्जी परीक्षार्थी हथीन के स्कूल में दूसरेे की जगह पर परीक्षा दे रहा था। सभी नकलचियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
शहर के पीएम श्री गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल और वीरांगना झलकारी बाई राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पलवल कैंप समेत अन्य केन्द्रों पर मंगलवार को नकलची पकड़े जाने के बाद नकल रोकने के लिए पुलिसकर्मियों का पहरा बढ़ा दिया गया। साथ ही सुबह 11 बजेे से परीक्षा छूटने तक बाहर पुलिस के सिपाही डटे रहे। वहीं, बाहरी लोगों को परीक्षा केंद्र के 200 मीटर दायरे से बाहर ही रोका जा रहा है।