हथीन। गांव रनियाला खुर्द में ग्राम पंचायत की भूमि में लगे हरे पेड़ों को काटने का मामला सामने आया है। इस संदर्भ में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी बीडीपीओ हथीन ने संबंधित थाना उटावड़ में शिकायत कर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस को दी शिकायत में बीडीपीओ नरेश कुमार शर्मा ने बताया है कि ग्राम पंचायत रनियाला खुर्द का प्रस्ताव 20 दिसंबर 2024 को कार्यालय में प्राप्त हुआ है। इसको लेकर उक्त भूमि का मौका निरीक्षण समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी खंड हथीन द्वारा किया गया। इसमें पाया गया कि मौके पर पेड़ काटे गए हैं। इस संदर्भ में ग्रामीण चौकीदार ने भी लिखित रिपोर्ट इस कार्यालय में प्रस्तुत की है। पुलिस को दी शिकायत में बीडीपीओ ने कहा है कि ग्राम पंचायत की भूमि को जमील निवासी रनियाला खुर्द द्वारा आर्थिक हानि पहुंचाई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। संवाद