डिपो होल्डर पर राशन में धांधली का केस दर्ज
हथीन । खिल्लुका गांव में पीओएस मशीन में दूसरे के नाम पर हाजिरी लगाकर राशन में धांधली करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच रिपोर्ट के आधार पर डिपो होल्डर अलीमुद्दीन के खिलाफ धोखाधड़ी एवं खाद्य अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हथीन थाना प्रभारी सत्यनारायण ने बताया कि इस मामले में अमर सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। इनसो के संयुक्त सचिव नाजिम खिल्लुका ने उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से डिपो होल्डर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की थी। इसके बाद विभाग के निदेशक चंद्रशेखर खरे ने जिला उपायुक्त नरेश नरवाल को जांच के निर्देश दिए थे। जांच के मुताबिक, डिपो होल्डर अलीमुद्दीन पीओएस मशीन में दूसरे के नाम पर हाजिरी लगाकर राशन में धांधली करता था। विभाग के उप निरीक्षक वीरेंदर सिंह हुडा ने डिपो होल्डर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जांच अधिकारी अमर सिंह ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है।