संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। रोजकामेव थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दिल्ली-अलवर रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव कंवरसिका के पास नहर पुल से आगे पैदल जा रहे दो युवकों को पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बिहार निवासी रंजन ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ चल रहे प्रवल प्रताप सिंह बाल-बाल बच गए।
घायल रंजन ठाकुर को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए सोहना अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रवल प्रताप सिंह के अनुसार, टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से जा टकराया।
थाना प्रभारी विनोद का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। वाहन नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जांच के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।