संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गांव आल्हापुर के समीप तेज रफ्तार कार डिवाइडर कूदकर ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में सड़क बनाने वाले ठेकेदार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा अचानक कार के सामने आए कुत्ते को बचाने के चक्कर में हुआ। शहर थाना पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार ओमेक्स सिटी के रहने वाले दिनेश सौरोत ने बताया कि यूपी के जिला अलीगढ़ के गांव घरबरा निवासी उनका भांजा प्रवीण फरीदाबाद के सेक्टर 75 में परिवार सहित रहता था। प्रवीण लोक निर्माण विभाग में सड़क बनाने की ठेकेदारी का काम करता था। शनिवार 16 दिसंबर को प्रवीण अपनी कार से मौसा से मिलने के लिए आया था। रात करीब 10 बजे प्रवीण कार से वापस फरीदाबाद लौट रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग पर आल्हापुर पुल के समीप कार के सामने अचानक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर को कूदकर दिल्ली-आगरा रोड पर चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी सतपाल के अनुसार अचानक कुत्ता सामने आ जाने के कारण हादसा हुआ है। मामले में 174 की कार्रवाई की गई। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है।