होडल। राष्ट्रीय राजमार्ग मुंडकटी के पास बरसाना से दर्शन कर पलवल की तरफ लौट रही ईको गाड़ी को बस ने टक्कर मार दी। जिससे उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई व चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं घायल के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिनेश कुमार निवासी गांव लालवा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार की देर शाम वह अपनी बेटी मनीषा, बेटे गगन व किशनचंद व उनकी बेटी मोनिका के साथ ईको गाड़ी में बरसाना में मंदिर के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। मुंडकटी के निकट पीछे से एक बस ने टक्कर मार दी, जिससे सभी घायल हो गए। सभी को निकट के अस्पताल में ले जाया गया, जहां से किशनचंद को नलहड़ अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर हथीन से पिंगनवां जा रहे स्कूटी सवार दो लोगों को डंफर ने टक्कर मार दी। जिनमें से एक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। जानकारी के अनुसार हथीन निवासी 65 वर्षीय हनीफ कुरैशी अपने साथी अकरम के साथ पिंगनवां जा रहा था। पचानका के निकट डंफर ने टक्कर मार दी। जिसमें दोनों घायल हो गए। इलाज के दौरान हनीफ की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।