जेएनयू में नारेबाजी व अन्य घटनाओं को लेकर वैश्य महासम्मेलन की युवा इकाई ने सोमवार की रात कैंडल मार्च निकाला। इसमें कहा गया कि देश के खिलाफ गतिविधियां करने वालों के साथ कोई रियायत नहीं बरती जानी चाहिए। वहीं हथीन में मंगलवार को राष्ट्रीय आर्य क्षत्रिय सभा ने जेएनयू के कथित छात्रों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय तक रैली निकाली और गृह मंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
युवा अग्रवाल नेता निकुंज गर्ग ने कहा कि आतंकी अफजल के समर्थन में और भारत की बर्बादी संबंधी नारे लगाने वाले देश के विरोधी हैं। इन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शन में युवा जोशीले नारे लगा रहे थे। कैंडल मार्च में सुधीर गर्ग, मनोज मंगला, रोबिन सिंगला, आलोक गर्ग व यशपाल गोयल आदि मौजूद रहे।
वहीं हथीन में आर्य क्षत्रिय सभा के प्रधान गजराज आर्य की अगुवाई में एसडीएम जगनिवास को गृह मंत्री को प्रेषित ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि कथित आरोपी छात्रों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और सख्त से सख्त सजा दी जाए।