आरोपियों के मकान में की गई तोड़फोड़ से क्षतिग्रस्त घरेलू सामान।
बेरी गांव में पुलिसकर्मी को बनाया था बंधक, आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस दे रही दबिश
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। थाना मोहम्मदपुर अहिर के गांव बेरी में पुलिसकर्मी को बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकतर आरोपी घरों में ताले लगाकर भाग चुके हैं। शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात पुलिस एक बार फिर आरोपियों के घर पहुंची। इस दौरान मकानों की गहन तलाशी ली गई, लेकिन कोई आरोपी हाथ नहीं लगा। ग्रामीण सूत्रों के मुताबिक तलाशी के दौरान मकानों में तोड़फाड़ की गई। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यदि आरोपी जल्द गिरफ्तारी नहीं होते तो मकानों पर बुलडोजर भी चलाया जा सकता है।
डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
हत्यारोपी को गिरफ्तार करने गई थी पुलिस
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्या के मामले का आरोपी पुन्हाना खेड़ला गांव से भागकर बेरी गांव में एक मकान में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया था, लेकिन आरोप है कि आरोपी के करीबी रिश्तेदारों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया तथा हत्या के आरोपी को छुड़ाकर फरार करा दिया। इस दौरान एक पुलिस जवान को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट भी की गई।