18 माह का समय निर्धारित किया, टेंडर प्रक्रिया हुई शुरूसंवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। अत्याधुनिक खेल स्टेडियम निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 5 करोड़ 82 लाख 49 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। इस संबंध में स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट ने आदेश जारी कर निर्माण के लिए 18 माह का समय भी निर्धारित कर दिया है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
हथीन के भाजपा विधायक प्रवीण डागर ने बताया कि स्टेडियम में एक बड़ा मल्टीपर्पज हाल का भी निर्माण होगा। अंडरग्राउंड वाटर टैंक, पार्किंग वाल एवं चार दिवारी भी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि स्टेडियम उपमंडल स्तरीय होगा। इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं खिलाड़ियों को उपलब्ध होंगी। उल्लेखनीय है कि हथीन नगर पालिका ने खेल स्टेडियम के लिए भूमि उपलब्ध कराकर स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट के नाम करा दी थी। संबंधित भूमि गौन्छी ड्रेन के पास रीडंका रोड की तरफ है। खेल स्टेडियम के बजट स्वीकृत होने पर क्षेत्र के खिलाड़ियों एवं समाजसेवियों ने खुशी जाहिर की है। नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन सुमित राजपूत ने इसके लिए विधायक डागर एवं मुख्यमंत्री मनोहरलाल के प्रति आभार प्रकट किया है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं सीएम विंडो एमिनेंट सूरज पांडे ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार प्रकट करते हुए कहा है कि स्टेडियम के माध्यम से स्थानीय युवाओं को विशेष अभ्यास की सुविधाएं उपलब्ध होंगीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि स्टेडियम के लिए कई खेलों के कोचों की भी व्यवस्था की जाए।