संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। जमीन के लालच में सगे भाई की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो हत्यारोपियों अनिल निवासी गौढ़ोता व गांव माहौली निवासी राहुल को दबोच लिया है। वारदात के मुख्य साजिशकर्ता भाई की तलाश जारी है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
क्राइम ब्रांच प्रभारी जगविंदर सिंह ने बताया कि 11 मई को हसनपुर थाना पुलिस को गांव माहौली निवासी जयदीप ने पुलिस को बताया उसके भाई भविष्य ने गोली मारकर खुदकुशी कर ली है। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध पिस्टल और सुसाइड नोट बरामद किया। इसमें राजेन्द्र नाम के व्यक्ति पर जमीन बेचने के लिए मजबूर करने और उसे परिजनों के खिलाफ भड़काने की बात लिखी थी।
पुलिस ने जयदीप की शिकायत और घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट के आधार पर राजेन्द्र के खिलाफ खुदकुशी के लिए मजबूर करने का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस टीम घटनास्थल पर मिली पिस्तौल के बाद आर्म्स एक्ट की धारा भी लगाई।
पांच लाख रुपये की सुपारी देकर करवाई हत्या: क्राइम ब्रांच प्रभारी जगविंदर सिंह ने बताया कि भविष्य अपने हिस्से की जमीन बेचना चाह रहा था जिसकी भनक उसके भाई जयदीप को लग गई। उसने जमीन के लालच में अपने साले अनिल और गांव के साथी राहुल को रुपयों का लालच दिया। भविष्य की जान लेने के बाद इसे खुदकुशी का रूप देने के लिए सुसाइड नोट लिखा और सारी कहानी गढ़ी।