पलवल। न्यू कॉलोनी में दिनदहाड़े एक घर में घुसकर चोरी की वारदात अंजाम दिया गया। न्यू कॉलोनी निवासी विनोद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 मार्च की शाम करीब 5:30 बजे उनकी बेटी घर पर अकेली थी। इस दौरान दो युवक दीवार कूदकर घर के अंदर घुस गए। युवती ने आहट सुनते ही खुद को कमरे में बंद कर लिया और खिड़की से देखा कि दोनों आरोपी दूसरे कमरे में सामान खंगाल रहे हैं। युवती ने तुरंत अपने माता-पिता को फोन कर सूचना दी। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी करीब 75 हजार नकद और लगभग 10 ग्राम के सोने के कुंडल चुरा कर भाग गए थे। कैंप थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संवाद