संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। हथीन क्षेत्र के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सभी श्मशान एवं कब्रिस्तान स्थलों की चहारदीवारी कराई जाएंगी। विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से इसकी मांग की है। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रिंसिपल सेकेट्री राजेश खुल्लर ने इस विषय में सबंधित विभागीय अधिकारियों को लिखित निर्देश दिए हैं कि सभी स्थानों का सर्वेक्षण कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाए। विधायक चौधरी ने बताया कि चहारदीवारी होने के बाद श्मशान व कब्रिस्तान भूमि से अवैध कब्जे भी हटा दिए जाएंगें। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के सभी तालाबों के सौंदर्यीकरण की मांग भी मुख्यमंत्री से की गई है। विधायक ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के रास्तों के निर्माण के लिए भी विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। इसके लिए पंचायत राज विभाग, कृषि विपणन बोर्ड एवं लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा।