एनडीआरएफ ने रेगुलेटर के पास से किया शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। थाना क्षेत्र के गांव खिरबी निवासी 33 वर्षीय नरेश कुमार चार दिन से लापता थे। मंगलवार को उनका शव नहर से बरामद हुआ। शव को एनडीआरएफ टीम ने गांव के पास स्थित उझीना रेगुलेटर के पास बरामद किया। शव घटनास्थल से करीब 100 फीट दूर झाड़ियों में फंसा मिला।
थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार, मृतक के भाई महेश कुमार ने 25 जुलाई को नरेश के लापता होने की शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि नरेश पलवल के एक निजी स्कूल की वैन चलाता था। घटना वाले दिन उसने गाड़ी पर ड्राइवर भेज दिया और खुद दोस्तों के साथ पार्टी के लिए चला गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आया।
27 जुलाई को पुलिस को नरेश की बाइक, चप्पल और मोबाइल रेगुलेटर के पास झाड़ियों में मिले। इसके बाद एनडीआरएफ को बुलाकर नहर में तलाशी करवाई गई, जहां मंगलवार सुबह उसका शव बरामद हुआ।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।