बसाें काे चेक करती पुलिस की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
एक माह में तीन बसों में हुए बम विस्फोटों के बाद शहर का परिवहन व पुलिस विभाग भी अलर्ट हो गया है। मंगलवार को फतेहाबाद से जाखल जाने वाली निजी बस में भूना के पास बम विस्फोट होने के बाद प्रदेश सरकार द्वारा सभी बस अड्डों व रेलवे स्टेशन पर अलर्ट जारी करने पर पलवल के सामान्य बस अड्डे और रेलवे स्टेशनों पर जांच अभियान शुरू किया गया। वहीं परिवहन विभाग के अधिकारी भी बसों के चालकों व परिचालकों तथा सवारियों को हिदायत देेते नजर आए।
विस्फोट की खबर की जानकारी व आला अधिकारियों के अलर्ट के आदेश के साथ ही पुलिस ने जांच अभियान शुरू किया। बुधवार को भी पुलिस कर्मियों ने बसों को रोककर उनमें तलाशी ली व यात्रियों को जागरूक किया। बस अड्डा इंचार्ज हेतराम शर्मा यात्रियों से अपने सामान पर नजर रखने व लावारिस नजर आने पर सूचित करने की बात कहते नजर आए।
हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक एनके गर्ग ने बताया कि इस बारे में निरीक्षकों को पहली घटना के बाद से ही हिदायत जारी की हुई है। सुरक्षा प्रबंध पुख्ता किए जा रहे हैं। अतिरिक्त उपाय करने की योजना है। बस अड्डे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की योजना पर काम चल रहा है। सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना सभी की जिम्मेवारी है।