संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के कथित अनादर के विरोध में पलवल जिला भाजपा ने रविवार को कैंडल मार्च निकाला। भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला के नेतृत्व में श्रद्धानंद पार्क से शहीदी स्मारक, नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम तक मार्च निकाला गया। विपिन बैंसला ने कहा कि वंदे मातरम राष्ट्रभक्ति और स्वतंत्रता संग्राम का अमर प्रतीक है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से कथित अनादर के लिए देशवासियों से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। जिला भाजपा प्रभारी नागेंद्र शर्मा ने कहा कि राष्ट्रगीत और बलिदानियों का सम्मान किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश का विषय है। मार्च में भाजपा के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।