संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि विपक्ष एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने के बजाय तथ्यों का सामना करे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल मतदाता सूची से घुसपैठियों के नाम हटाए जाने के मुद्दे पर भ्रम फैलाकर अपनी राजनीतिक नाकामियों को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर तथ्यों के आधार पर विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब देंगे। रविवार को डॉ. अर्चना गुप्ता होडल विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरेन्द्र सिंह के निवास एवं कार्यालय पर पहुंचीं। यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद कर एसआईआर, विपक्ष की राजनीति और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, सुशासन और पारदर्शिता सरकार की पहचान बने हैं। भाजपा संगठन जनसेवा को प्राथमिकता देता है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि 3 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान आम नागरिकों और किसानों से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई थी। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना, पीएम-कुसुम योजना का लाभ किसानों तक पहुंचाना और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर उन्होंने विधायक हरेन्द्र सिंह की ओर से उपलब्ध कराई गई 11 स्कूटी पात्र लाभार्थियों को वितरित कीं। कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामरतन, जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, जिला प्रभारी नागेंद्र शर्मा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।