यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, बेटा राहुल गांधी व दामाद राबर्ट वाड्रा देश को और भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा को लूटने में लगे हुए हैं। यह बात भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने युवा भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष यशवीर डागर द्वारा बुधवार को आयोजित विजय संकल्प रैली में कही।
रैली की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह डागर ने की। गडकरी के रैली स्थल पर पहुंचते ही चारों तरफ नरेंद्र मोदी के नारे लगाए जाने लगे। गडकरी ने कहा कि देश की हालत के साथ प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की भी हालत बिगड़ती जा रही है।
एक लाख 76 हजार करोड़ का स्पेक्ट्रम घोटाला, एक लाख 86 हजार करोड़ का कोल आवंटन घोटाला और कॉमनवेल्थ के 76 हजार करोड़ के घोटाले ने देश की अर्थव्यवस्था को हिलाकर रख दिया है। इस पांच लाख 38 हजार करोड़ रुपये की राशि से देश में 25 करोड़ मकान और 30 करोड़ युवाओं को रोजगार दिया जा सकता है।
घोटालों की सरकार बनकर रह गई है कांग्रेस। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के दौरान डॉलर की कीमत 40 रुपये थी और कांग्रेस ने उसे 9 साल में 68 रुपये पर पहुंचा दिया है। भाजपा की सरकार बनने पर देश में हर हाथ को काम और हर खेत को पानी दिया जाएगा।
देश में परिवर्तन के लिए भाजपा को समर्थन देने व नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की भी अपील की। रैली को ओमप्रकाश धनखड़, पूर्व मंत्री सतपाल मलिक, हरियाणा प्रभारी जगदीश मुखी, सहप्रभारी अनिल जैन, प्रदेश प्रवक्ता दीपक मंगला, जिलाध्यक्ष गिर्राज डागर, मूलचंद शर्मा, मुकेश सिंगला, जवाहर सिंह सौरोत व संदीप जोशी आदि ने भी संबोधित किया।
यूपीए के पास न नीति न नेता : अनुराग
भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की किसान विरोधी नीतियों के कारण हर साल ढाई लाख किसान आत्महत्या करते हैं। केंद्र में यूपीए सरकार के पास न तो नीति है और न ही नेता। कांग्रेस ने पांच साल में 20 लाख लोगों को ही रोजगार दिया है, जबकि अटल बिहारी वाजपेयी के शासन के पांच साल में छह करोड़ 25 लाख युवाओं को रोजगार दिया गया। किसानों की आर्थिक हालत सुधारने के लिए देश की नदियों को आपस में जोड़ दिया जाना चाहिए। भाजपा की सरकार आने पर किसानों को उनकी फसल की कीमत लाभ युक्त दी जाएगी।
अतिथि अध्यापक नियमित होंगे : रामविलास
प्रदेशाध्यक्ष रामविलास शर्मा ने कहा कि देश व प्रदेश में भाजपा की सरकार आने पर निजी स्कूलों को पूर्णत: मान्यता प्रदान की जाएगी, अतिथि अध्यापकों को नियमित किया जाएगा और किसानों से ली हुई 67 हजार एकड़ भूमि को वापस किसानों को दिलाया जाएगा।
शहीदों के परिजन सम्मानित
शहीदों को सलाम और युवाओं को पैगाम के नाम पर आयोजित इस रैली में शहीदों के परिजनों को यशवीर डागर की तरफ से नितिन गडकरी व अनुराग ठाकुर ने शॉल भेंटकर सम्मानित किया।