संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। होडल-नूंह रोड पर गांव बहीन के समीप छोटे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया। बहीन थाना पुलिस ने घायल की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया।
बहीन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रेणू शेखावत के अनुसार यूपी जिला अलीगढ़ स्थित गांव उंटासानी निवासी सुखबीर ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने छोटे भाई लक्ष्मण के साथ बाइक पर सवार होकर गांव मानपुर स्थित एसडीएम भट्टा पर नाना सुबेदार से मिलने जा रहा था। वह स्वयं बाइक चला रहा था, जबकि उसका छोटा भाई लक्ष्मण पीछे बैठा हुआ था। जब वे बहीन गांव के बस स्टैंड के समीप पहुंचे तो पीछे से आ रहे एक टाटा-407 के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया। टक्कर लगने से वह उछल कर दूर जा गिरा, जबकि लक्ष्मण के सिर में सड़क पर गिरने के कारण गंभीर चोट आई। लक्ष्मण को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करा दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।