तावडू। शहर थाना क्षेत्र में यूट्यूब चैनल को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 13 नामजद आरोपियों तथा अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रामनगर तावडू निवासी मुस्तफा ने बताया कि वह चाहलका निवासी वाजिब के साथ यूट्यूब के लिए वीडियो कंटेंट बनाते थे। 10 दिन पहले दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद वे अलग-अलग काम करने लगे। उनका कहना है कि इसी रंजिश में 19 जुलाई की रात वाजिब, कैफ, फरीद, जावेद, असलम, अरमान, छोटू, अकरम, सोहेल, अरबाज, राकिब सहित अन्य लोग हथियार, लाठी-डंडे और फरसा लेकर उसके घर पहुंच गए और हमला कर दिया। मुस्तफा ने बीच-बचाव करने आए मामा के साथ भी मारपीट का आरोप लगाया। तावडू शहर थाना प्रभारी चंद्रभान का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद