हथीन। खंड की 76 ग्राम पंचायतों में सरकार की ओर से विभिन्न विकास कार्यों के लिए भेजी गई धनराशि का अब सरपंच अपनी मनमर्जी से खर्च नहीं कर सकेंगे। पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने का समय करीब आता देख साढ़े तीन करोड़ रुपये की राशि पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ने बैंकों को पत्र लिखकर रोक लगा दी है।
सरकार ने पीआरआई फंड से आबादी के अनुपात में धनराशि संबंधित पंचायतों के बैंक अकाउंट में डाल दी है। सरकार द्वारा राशि भेजने से पहले ही पंचायत एवं विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अमित झा ने सभी अधिकारियों को पंचायतों का रिकॉर्ड पूरा करके 23 फरवरी तक प्रशासकों के कार्यभार संभालने के आदेश जारी किए थे। बीडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि चूंकि अब पंचायतों का कार्यकाल अगले सप्ताह समाप्त हो रहा है। ऐसे में कोई भी राशि का दुरुपयोग न कर पाए, इस लिए निकासी पर रोक लगा दी गई है। वहीं सरपंचों का कहना है कि उन्हें 23 फरवरी से पूर्व धनराशि खर्च करने का हक है।