संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। पलवल से सवारियां लेकर होडल जा रहे एक ऑटो को खटेला गांव के अड्डे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सवारियों समेत पलट गया और कुछ सवारियां उसके नीचे दब गईं। घटनास्थल पर राहगीरों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
ऑटो चालक इंद्रजीत सर्विस रोड से खटेला गांव के अड्डे के पास शिव मंदिर के नजदीक सवारी के लिए रुका था। इसी दौरान गलत साइड से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने पहले एक कार को टक्कर मारी और इसके बाद खड़े ऑटो को भी जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो सवारियों समेत पलट गया।
ऑटो में सवार रिंकू, राजू निवासी मध्य प्रदेश, सुमेर सिंह निवासी दिघोट पलवल, चंदा निवासी पहाड़ी बहीन व ऑटो चालक इंद्रजीत घायल हो गया। सभी घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पलवल ले जाया गया। ट्रक चालक नरेन्द्र सिंह निवासी आगरा का रहने वाला है। मुंडकटी थाना प्रभारी कैलाश ने बताया कि शिकायत के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ करवाई की गई है।