होडल। जिले में भाजपा विधायक व उनके परिजनों द्वारा अधिकारियों को फोन पर धमकाने का मामला थमने का नाम नही ले रहा है। अभी होडल के विधायक जगदीश नायर द्वारा मार्केट कमेटी के जिला विपणन प्रवर्तक अधिकारी रमेश गोयल को गालियां देने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला अभी शांत नहीं हुआ है कि हथीन से भाजपा विधायक प्रवीण डागर के चचेरे भाई मुकेश डागर द्वारा एसएचओ के मोबाइल पर हेड कांस्टेबल के साथ बातचीत का एक मिनट बारह सेकेंड का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऑडियो में फोन करने वाला बोलता है की मुकेश डागर बोल रहा हूं मिंडकोला से। दूसरी तरफ से आवाज आती है डागर साहब नमस्कार एसएचओ साहब सो रहे है रात में गश्त पर थे। फिर फोन करने वाला बोलता है की में उसकी ऐसी की तैसी कर दूंगा वो जाग रहा है इसे स्पीकर आन कर सुना दो और फिर गालियां देते हुए बोलता है की फिर सुधारना पड़ेगा। मैं एमएलए प्रवीण के फोन से करता हूं फिर देखता हूं कैसे फोन नही उठता और फिर गाली गलौज करने लगता है। इस बारे में जिला पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत का कहना है कि इस ऑडियो की जानकारी मेरे संज्ञान में नहीं है। यदि कोई मामले में शिकायत देगा तो जांच कर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। संवाद