हथीन। वाहन चोरी निरोधक दस्ते ने एटीएम चोर गिरोह के एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान नूंह जिला अंतर्गत तावडू थाना के गांव शिकारपुर निवासी हामिद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में प्रयोग की गई कार और एटीएम काटकर लूटी गई 1.70 लाख की राशि भी बरामद की है। बदमाश को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए 3 दिन के रिमांड पर लिया है।
एवीटी स्टाफ हथीन के इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजरानियां के मार्गदर्शन में गठित स्टाफ की टीम पलवल से गैस कटर द्वारा एटीएम काटकर चोरी किए जाने की गुत्थी सुलझाने में जुटी थी। इसी बीच सूचना मिली कि एक आरोपी सोहना अंबेडकर चौक के पास वारदात में प्रयोग की गई स्विफ्ट डिजायर कार के साथ मौजूद है। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत ही दबिश देकर आरोपी हामिद निवासी शिकारपुर को वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी के साथ धर दबोचा।
राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने इस वारदात में शामिल मास्टरमाइंड सहित अपने अन्य सभी साथियों के नाम उजागर कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि एक लाख 70 हजार की राशि और कैश ट्रे भी बरामद की जा चुकी है। एटीएम चोर गिरोह 14-15 जनवरी की रात को एलआईसी पलवल के पास एसबीआई एटीएम को गैस कटर से काटकर एक कार में डालकर चोरी कर ले गए थे। एटीएम में 31.60 लाख रुपये की राशि थी जिसमें से हामिद के हिस्से में 5 लाख रुपये आए थे। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से अभी पूछताछ जारी है कि उक्त गिरोह ने और कहां-कहां वारदातों को अंजाम दिया है? यह सब पता किया जा रहा है।