कोरोना से बचाव के लिए होगा 101 स्थानों पर यज्ञ
पलवल। आर्य समाज के 145वें स्थापना दिवस और शहीदी दिवस पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कवि सम्मेलन को कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव और जिला प्रशासन द्वारा लागू की गई धारा 144 को देखते हुए रद्द कर दिया गया है। इसके बाद समाज के लोगों ने बैठक कर 22 मार्च को एक साथ 101 स्थानों पर यज्ञ करने का निर्णय लिया।
बृहस्पतिवार की शाम आयुुर्वेद चिकित्सक डॉ. धर्म प्रकाश आर्य के संयोजन में फूल विहार में बैठक का आयोजन हुआ। इसमें निर्णय लिया गया कि 22 मार्च को एक साथ 101 स्थानों पर यज्ञ करने के अलावा प्रतिदिन घरों में भी यज्ञ किया जाएगा। पर्यावरण को सुरक्षित रखने और कोरोना वायरस के प्रभाव को रोकने के लिए डॉ. धर्म प्रकाश द्वारा एक विशेष यज्ञ सामग्री तैयार कराई जाएगी। उस सामग्री के द्वारा यज्ञ किया जाएगा। इसके अलावा आर्य समाज ने कोरोना वायरस के बचाव के लिए सभी को मिलते समय हाथ जोड़कर नमस्ते करने के लिए जागरूक किया जाएगा। उसके लिए पलवल जिले में पोस्टर बंटवाए जाएंगे। बैठक को आर्य नेता हरिश्चंद्र शात्री, जय प्रकाश आर्य, यशवीर कुमार वीर, यशपाल मंगला, तुलाराम शास्त्री, विक्रम क्वात्रा, प्रदीप सरदाना, राजपाल दहिया, बुधराम तेवतिया ने संबोधित किया।
संभावित संक्रमण की रोकथाम को लेकर प्रशासन सतर्क
होडल। कोरोना वायरस से होने वाले संभावित संक्रमण की रोकथाम को लेकर जिला उपायुक्त द्वारा लघु सचिवायल स्थित सरल केंद्र, अंतोदय केंद्र, उप मंडल और तहसील स्तर पर पब्लिक डीलिंग से संबंधित कार्यों को 31 मार्च तक स्थगित करने के आदेश जारी किए हैं। संभावित संक्रमण की रोकथाम को लेकर स्थानीय प्रशासन द्वारा तहसील कार्यालय, एसडीएम कार्यालय सहित लघु सचिवालय स्थित अन्य कार्यालयों के आसपास पोस्टर चस्पा कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। संवाद
थाना प्रभारी ने कोरोना वायरस से बचाव के उपाय बताए
हथीन। स्थानीय दारुल उलूम मदरसा हथीन स्थित जामा मस्जिद में जाकर मौलाना हाशिम के मार्गदर्शन में मदरसा में पढ़ रहे बच्चों को कोरोना से बचाव के बारे में जानकारी दी और उन्हें मास्क वितरित किए। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से भयभीत ना हो सावधानी बरतें। घातक वायरस से बचने के लिए मास्क एवं रुमाल, कपड़े आदि का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि खांसी जुकाम बुखार होने पर लापरवाही ना बरतें तथा नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अपना इलाज कराएं। इस अवसर पर सुरक्षा सहायक सोनू भी विशेष रूप से मौजूद रहे। संवाद