संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
हरियाणा सरकार ने सुशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए सुशासन पुरस्कार योजना-2026 के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी है। उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि योजना के तहत राज्य स्तर पर चयनित कर्मचारियों को 51 हजार रुपये और जिला स्तर पर 31 हजार रुपये प्रति सदस्य नकद पुरस्कार दिया जाएगा। विजेताओं को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र भी मिलेगा। योजना के तहत कर्मचारी व्यक्तिगत या अधिकतम चार सदस्यों की टीम बनाकर आवेदन कर सकते हैं। ग्रुप-ए से डी तक के पात्र सरकारी कर्मचारी इसमें भाग ले सकेंगे। पुरस्कारों के लिए एक जनवरी 2025 से 30 अक्टूबर 2026 तक किए गए कार्यों का मूल्यांकन होगा। आवेदन निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से करना अनिवार्य है। इसके साथ 200 शब्दों में परियोजना का विवरण और अधिकतम दस स्लाइड की प्रस्तुति देनी होगी। विजेताओं का चयन 15 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा।