होडल। अखिल भारतीय किसान सभा ब्लॉक शाखा होडल के सदस्यों ने सोमवार को सत्ती सरोवर पर बैठक का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान देवेंद्र नंबरदार की तथा संचालन सचिव देवीराम बंचारी ने किया। बैठक में किसान सभा ने 12 फरवरी की राष्ट्रीय हड़ताल का समर्थन किया। इस अवसर पर किसानों की बैठक को संबोधित करते हुए किसान यूनियन के जिला सचिव दरियाब सिंह ने कहा कि किसान मजदूर संगठन हाल ही में हुई भारत अमेरिका ट्रेड डील का विरोध करता है। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के किसानों के बीच कहीं भी समानता नहीं है। अमेरिका में केवल 8 हजार के लगभग कपास उत्पादक किसान हैं। वहीं, भारत में 98 लाख से अधिक कपास उत्पादक किसान हैं। इसके साथ ही अमेरिका अपने किसानों को सालाना 60 लाख रुपए सब्सिडी देता है। वहीं, भारत अपने किसानों को केवल 6 हजार रुपये सालाना सब्सिडी देता है। उन्होंने कहा कि बीते अक्तूबर, नवंबर और दिसंबर में भारत ने अमेरिका से कपास के आयात पर शुल्क को 11 प्रतिशत से शून्य कर दिया था। इन तीन महीने में कपास की 30 लाख गांठ आयात की गई, जोकि जरूरत से कहीं अधिक है। आपूर्ति अधिक होने से भारतीय कपास उत्पादक किसानों को 1000 से 1500 रुपये कम दाम मिले। ये सिर्फ तीन महीने की बात है। संवाद