संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। अग्रवाल नवयुवक संगठन की बैठक बाबा लाल दास मंदिर परिसर में प्रधान मनोज कुमार गोयल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में श्री महाराजा अग्रसेन जयंती धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया। समाजसेवी प्रेमचंद गर्ग भी बैठक में मौजूद रहे। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि 23 अक्टूबर, शुक्रवार को बाबा लाल दास मंदिर परिसर में जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बाबा लाल दास जी की आरती, धार्मिक कार्यक्रम और भजन संध्या का आयोजन होगा। समारोह में अग्रवाल समाज के लोग एकत्रित होकर महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को याद करेंगे। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का जीवन समानता, भाईचारे, आपसी सहयोग और जनकल्याण की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में एकता और सेवा भावना को मजबूत किया जा सकता है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संगठन के पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों से समारोह की तैयारियों में सहयोग देने और समाज के लोगों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर संगठन के संस्थापक आशीष गोयल, राजीव उर्फ बंटी गर्ग, विकास गोयल, शिवम गर्ग, मनीष गर्ग, अंकेश गोयल, विवेक गर्ग, संजय सिंगला, अंशुल गोयल, हितेश गोयल और हैप्पी गर्ग सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।