संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने मंगलवार को तावडू उपमंडल में अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई तावडू शहर और गुढी के राजस्व क्षेत्र में की गई। इस दौरान करीब 6 एकड़ में काटी जा रही 2 अवैध कॉलोनियों में बनाई गई लगभग 14 डीपीसी, मिट्टी से बनाए गए रास्तों और एक छत स्तर तक बने निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार पहला मामला तावडू बाइपास पर इनोवेटिव वेयरहाउस के सामने बसाई जा रही अवैध कॉलोनी का है, जबकि दूसरी कॉलोनी तावडू बाइपास पर ही सोहना-तावडू रोड के नजदीक काटी जा रही थी। इसके अलावा राजस्व क्षेत्र गुढी में छत स्तर तक बनाया जा रहा एक अवैध ढांचे को भी तोड़ा गया।
डीटीपी नूंह बिनेश कुमार ने बताया कि अवैध कॉलोनियों और निर्माण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर एसडीएम और डीसी के निर्देश पर पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए, मौके की जांच की गई और उसके बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई। उन्होंने बताया कि मोहम्मदपुर अहीर थाना क्षेत्र में भी कई फार्म हाउस और अवैध निर्माण की शिकायतें मिल रही हैं, जिन पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।