डीसी व एसपी ने सिंघेश्वर मंदिर का किया निरीक्षण
नूंह। तीन अगस्त को प्रस्तावित ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसे लेकर उपायुक्त अखिल पिलानी व एसपी अर्पित जैन ने सिंगार स्थित प्राचीन सिंघेश्वर मंदिर की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर और यात्रा मार्ग का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने यात्रा मार्ग की सफाई, पेयजल, बिजली, बैरिकेडिंग, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित सभी इंतजाम समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था का प्लान तैयार करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। अधिकारियों को नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा कर किसी भी कमी को समय रहते दूर करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान एसपी अर्पित जैन, अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशि शेखर, एसडीएम पुन्हाना अमित कुमार गुलिया, भानीराम मंगला, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह पिंटू आदि मौजूद थे। संवाद