पलवल। जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने हीट वेव (लू) से बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि लू का प्रभाव शरीर पर गंभीर असर डाल सकता है, जिससे हीट स्ट्रोक जैसी खतरनाक स्थिति पैदा हो सकती है। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे शरीर में पानी की कमी न होने दें और नियमित रूप से पानी, ओआरएस, छाछ, लस्सी व नींबू पानी का सेवन करें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और धूप में निकलते समय टोपी, छाता व चश्मे का उपयोग करें। दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें। साथ ही तरबूज, खरबूजा और खीरे जैसे मौसमी फलों का सेवन करने की सलाह दी गई है। उन्होंने बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने को कहा है। कार्यस्थलों पर ठंडे पेयजल की व्यवस्था, छायादार स्थान और कर्मचारियों को समय-समय पर विश्राम देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और लू के प्रभाव से खुद को सुरक्षित रखें। संवाद