कालाबाजारी पर सख्ती, खंड कृषि अधिकारी ने सभी डीलरों को जारी की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। खंड में उर्वरक की कालाबाजारी और निर्धारित कीमत से अधिक दर पर खाद बेचने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कृषि विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। खंड कृषि अधिकारी डॉ. श्याम सुंदर ने खंड के सभी उर्वरक विक्रेताओं और खाद-बीज दुकानदारों को पत्र जारी कर चेतावनी दी है।
खंड कृषि अधिकारी द्वारा शुक्रवार को जारी पत्र के अनुसार, सभी उर्वरक डीलरों को निर्देश दिए गए हैं कि उर्वरक की बिक्री केवल सरकार द्वारा निर्धारित दर पर ही करें। निर्धारित दर से अधिक कीमत पर उर्वरक की बिक्री न की जाए। पत्र में उल्लेख किया गया है कि बार-बार खंड कार्यालय और एसडीएम कार्यालय में शिकायतें आ रही हैं कि उर्वरक डीलर निर्धारित दर से अधिक कीमत पर उर्वरक बेच रहे हैं।यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि कोई विक्रेता निर्धारित दर से अधिक कीमत पर उर्वरक बेचते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाते हुए उच्च अधिकारियों को लिख दिया जाएगा, जिसके लिए संबंधित विक्रेता स्वयं जिम्मेदार होगा। सभी विक्रेताओं को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बता दें कि दो दिन पहले ही क्षेत्र के किसान संगठन से जुड़े व्यक्तियों ने उपमंडल अधिकारी को कालाबाजारी को लेकर ज्ञापन दिया था। तो उससे पहले भी एक खाद बीज विक्रेता द्वारा अधिक कीमत पर खाद बेचने की ऑडियो सामने आई थी।