संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। क्राइम ब्रांच की टीम ने 2025 में कैंप मार्केट स्थित मोबाइल दुकानदार से मारपीट और लूट के मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव फुलवाड़ी निवासी तुषार उर्फ तीशु के रूप में हुई है। 16 दिसंबर को खेलवाला मोहल्ला निवासी मोबाइल दुकानदार हिमांशु ग्रोवर उर्फ नोनी ने शिकायत दी थी कि जसवंत उर्फ हड्डी अपने चार-पांच साथियों के साथ उसकी दुकान में घुस आया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर आईफोन, चार्जर और गल्ले में रखी नकदी लूट ली और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह ने बताया कि इस मामले में पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब फरार चल रहे तुषार उर्फ तीशु को भी दबोच लिया गया है।