- बाइक सवार युवकों के साथ तीन युवकों ने की थी लूटपाट
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हथीन गेट चौकी पुलिस की गिरफ्त से फरार होने वाले लूट के आरोपी को आठ दिन बाद काबू कर लिया गया है। आरोपी को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ बाइक सवार युवकों से लूटपाट की थी। पुलिस को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
जिला पुलिस प्रवक्ता संजय कादियान के अनुसार बीती 14 दिसंबर को तीन आरोपियों ने बाइक सवार नासिर और निसार को लाठी डंडे से पीटते हुए उनसे 18 हजार रुपये लूट लिए। लूट का शोर सुनकर बचाने आए बाप-बेटे को भी आरोपियों ने पीटकर घायल कर दिया। मामले में हथीन गेट पुलिस चौकी ने मुकदमा दर्ज कर 16 व 17 दिसंबर को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। अदालत से चौकी वापस लाते समय 17 दिसंबर को आरोपी तुषार उर्फ नन्नू पुलिस कर्मी से हाथ छुड़ाकर भाग गया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ एक अन्य मामला थाना शहर पलवल में दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी थी। जिला पुलिस ने फरार होने के आठ दिन बाद आरोपी को साइबर तकनीकी की मदद से फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। आरोपियों द्वारा की गई अन्य वारदात के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।