पलवल। सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मकान बंटवारे को लेकर हुए झगड़े की रंजिश में एक व्यक्ति को पेट्रोल डालकर जलाने का मामला सामने आया है। घायल पीड़ित को दिल्ली स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि दीघोंट निवासी अरुण कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि 11 अक्तूबर को गांव निवासी श्रीओम घर आया और कहने लगा कि हवेली में से हिस्सा नहीं दूंगा। जिसको लेकर पीड़ित का उससे झगड़ा हो गया तो पड़ोसियों ने बीचबचाव करा दिया। रात 8 बजे पीड़ित चाचा के घर जा रहा था। वापस लौटते समय श्रीओम ने पीड़ित को जान से मारने की नियत से पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पीड़ित ने शोर मचाया और चाचा के घर की तरफ भागा। परिजनों ने उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालात देखते हुए दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। संवाद