बीडीपीओ कार्यालय में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर निर्माण कार्य के बिल पास करने की ले रहा था रिश्वत
होडल। हसनपुर बीडीपीओ कार्यालय में तैनात एक कंप्यूटर ऑपरेटर को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते एसीबी की टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गांव बांसवा में मंदिर पर ठेकेदार द्वारा बनाए गए शौचालयों के निर्माण कार्य के बिलों को कार्यालय से पास करने की एवज में रिश्वत लेना का आरोप है। आरोपी को फरीदाबाद एसीबी की टीम ने हसनपुर अनाज मंडी से गिरफ्तार किया हैं।
गांव बांसवा निवासी रवि रावत ने टीम को दी शिकायत में बताया कि उसने गांव में श्रीराधा डेवलपमेंट फर्म के माध्यम से मंदिर शौचालय का निर्माण करवाया था। शौचालय के निर्माण कार्य को पंचायत विभाग के जेई ने कार्रवाई पूरी करने के बाद विभाग से 55 हजार के बिलों को पास कर दिया। जेई के बिल पास करने के बाद वह अपने बिलों को लेकर अनुबंध के आधार पर लगे कंप्यूटर ऑपरेटर धर्मेंद्र के पास पहुंचा तो ऑपरेटर ने बिल पास करने की एवज में तीन हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर दी। पीड़ित ने बताया कई बार उसने कंप्यूटर ऑपरेटर धर्मेंद्र से बिल पास करने की बात की, लेकिन आरोपी ने रिश्वत के बगैर बिलों को पास करने से मना कर दिया। बाद में पीड़ित ने मामले की शिकायत फरीदाबाद एसीबी की टीम को दी। टीम जब होडल बीडीपीओ कार्यालय पहुंची तो आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर धर्मेंद्र एसडीएम के आदेश पर हसनपुर अनाज मंडी में गेट पास करने पर लगा हुआ था। जब रवि रावत ने कंप्यूटर ऑपरेटर धर्मेंद्र को पैसे दिए तो टीम ने आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। संवाद