भाईपुर गांव के आरोग्य मंदिर और आयुर्वेदिक अस्पताल में फैली गंदगी और झाड़ियां
गांव के लोग परिसर में फेंकते हैं कूड़ा, महीनों से नहीं हुई सफाई, परिसर में लगा वॉटर कूलर भी चोरी
पुनीत कुमार
यमुना सिटी। रबूपुरा के भाईपुर गांव में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के बाहर कूड़े का ढेर लग चुका है। कई महीनों से कूड़ा उठाया नहीं गया है। आसपास के लोग यहीं कूड़ा फेंकने लगे हैं, जिससे इलाज के बदले यह जगह बीमारी का घर बनता जा रहा है। परिसर में बड़ी-बड़ी झाड़ियां भी उग गई हैं, जिसमें सांप-बिच्छू ने डेरा डाल दिया है। इन सब से चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी परेशान हैं। कूड़ा जमा होने के कारण यहां से हर समय दुर्गंध आती रहती है। तैनात चिकित्सक ने बताया कि मच्छर समेत अन्य कीड़ों से बचाव के लिए उन्होंने निजी खर्च पर दवा का छिड़काव कराया है।
सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण परिसर से वाॅटर कूलर और सबमर्सिबल का तार चोरी कर लिया गया।
जलजमाव से गिरी दीवार
आरोग्य मंदिर में पहले मुख्य गेट था, लेकिन कुछ समय पहले सड़क पर पानी भर गया था। जलभराव के कारण आरोग्य मंदिर की दीवार गिर गई, जिसके बाद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो गई। दीवार गिरने और मुख्य गेट नहीं होने के कारण आरोग्य मंदिर का परिसर खुला रहता है। ऐसे में यहां रखे सामान की सुरक्षा को लेकर भी परेशानी बनी हुई है।
कोट
सुरक्षा और साफ-सफाई की व्यवस्था न होने के कारण परेशानी होती है। परिसर में कई बार चोरी भी हो चुकी है।
- मौमचंद, चिकित्सक, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, भाईपुर