महाराजा दक्ष प्रजापति की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल लोग।
ग्राम पंचायत ने 1000 गज का प्लॉट व 11 हजार रुपये प्रजापति समाज को देने की घोषणा की
संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। सोमवार शाम पिनगवां कस्बे में समस्त प्रजापति समाज की ओर से महाराजा श्री दक्ष प्रजापति जयंती के अवसर पर शोभायात्रा और आकर्षक झांकियां निकाली गईं। इस धार्मिक व सामाजिक आयोजन में क्षेत्रभर से आए प्रजापति समाज के श्रद्धालुओं और लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष कुंवर सुरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समाज के लोगों व पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान कुंवर सुरेंद्र सिंह ने कहा कि महाराजा दक्ष प्रजापति का जीवन समाज निर्माण और कर्मनिष्ठा की प्रेरणा देता है। सर्व समाज को उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए।
आयोजन के दौरान प्रजापति समाज के भवन निर्माण व सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत द्वारा 1000 गज का प्लॉट और 11,000 रुपये नकद राशि देने का ऐलान किया। इस सराहनीय योगदान के लिए उपस्थित लोगों ने उनका धन्यवाद किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव ओमकरण प्रजापति, प्रजापति समाज के जिलाध्यक्ष सोहन लाल और उपाध्यक्ष महेंद्र प्रजापति विशेष रूप से उपस्थित रहे।