संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने और जरूरतमंदों को निशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), नूंह की ओर से गांव उजीना में लीगल केयर एंड सपोर्ट सेंटर स्थापित किया गया है। शुक्रवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं डीएलएसए सचिव नेहा गुप्ता ने केंद्र का उद्घाटन किया। सीजेएम नेहा गुप्ता ने कहा कि केंद्र का उद्देश्य गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों तक न्याय की पहुंच आसान बनाना है। कई बार कानूनी जानकारी के अभाव में लोग अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते। इस केंद्र पर प्रत्येक बुधवार और रविवार को ग्रामीणों को कानूनी परामर्श एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही कानूनी अधिकारों और विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी भी मिलेगी। उन्होंने बताया कि कानूनी सहायता के लिए डीएलएसए हेल्पलाइन नंबर 01267-271072 और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।