पुलिस हथियार बरामदी और अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रही
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। मिलन ढाबे पर खाना लेने गए युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में क्राइम ब्रांच की टीम ने मुख्य आरोपी वीरेंद्र कुमार उर्फ पप्पी डागर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपी से वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने और अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रही है।
सीआईए स्टाफ प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार के अनुसार, वारदात नौ नवंबर की रात करीब 3:15 बजे हुई थी। शेखपुरा निवासी मोहित ने बताया था कि वह अपने मामा के लड़के शैलेंद्र उर्फ सन्नी, चाचा हंसराज और परिचित रोहित, निशु, हेमंत व प्रशांत के साथ खाना लेने मिलन ढाबा गया था। वहां खाना मांगने की बात को लेकर ढाबा मालिक मनीष ठाकुर, पप्पी डागर, गौतम तेवतिया, चैनू उर्फ सुखचैन तेवतिया और उनके 12-13 अन्य साथियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान पप्पी डागर ने पिस्तौल से चावला कॉलोनी, बल्लभगढ़ की चावला कॉलोनी निवासी रोहित के सिर में गोली मार दी। गंभीर हालत में रोहित को पलवल के सरकारी अस्पताल से फरीदाबाद के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
मामले की जांच सीआईए स्टाफ को सौंपी गई थी। सीआईए टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को झाड़सेंतली निवासी वीरेंद्र कुमार उर्फ पप्पी डागर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मामले में बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज गई है।