संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। हथीन में भारत रत्न डॉ.भीमराव अंबेडकर के नाम पर आधुनिक सामुदायिक केंद्र एवं छात्रों के लिए छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा। स्थानीय विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी ने बताया कि इसके लिए शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल ने सहमति दे दी है। सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए नगर पालिका की ओर से भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। विधायक ने बताया कि छात्रावास में छात्रों की सुविधा के लिए ई-लाइब्रेरी सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस परियोजना पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि हथीन शहर में महर्षि वाल्मीकि के नाम पर भी एक बड़ी चौपाल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए समाज कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के माध्यम से जल्द बजट आवंटित कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि हथीन में 5.82 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू होगा। इसके लिए नगर पालिका की ओर से खेल मंत्रालय के नाम भूमि हस्तांतरित की जा चुकी है। विधायक ने कहा कि हथीन विधानसभा क्षेत्र से गुजरने वाली सभी नहरी पटरियों पर सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
वहीं, कोट गांव में प्रस्तावित बीएससी नर्सिंग कॉलेज के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस संबंध में मेडिकल एजुकेशन विभाग के निदेशक से बातचीत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जो विकास योजनाएं लंबे समय से पाइपलाइन में हैं, उन्हें अब धरातल पर उतारा जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हथीन दौरे के दौरान विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन कराए जाएंगे।