10 अवैध वाहन किए जब्त, पलवल जिला में महानिदेशक केएम पांडुरंग के निर्देशों की हो रही सख्ती से अनुपालना
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि जिला खनन विभाग की ओर से फरवरी और मार्च माह के दौरान कुल 37 वाहनों की चेकिंग की गई। फरवरी व मार्च माह के दौरान अब तक कुल 10 अवैध वाहन जब्त किए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि अवैध खनन रोकने सहित बिना ई-रवाना बिल के निकलने वाले खनिज वाहनों पर सरकार की पैनी नजर है। इसी कड़ी में जिला पलवल में दिन रात खनन विभाग की टीम सड़कों पर मॉनिटरिंग कर रही है और नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि खनन विभाग की टीम राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों और अन्य प्रमुख मार्गों पर सक्रिय रूप से तैनात है। जिला खनन अधिकारी कमलेश बिधलान ने बताया कि जिला खनन विभाग की ओर से फरवरी और मार्च माह के दौरान एक अवैध वाहन को जुर्माना लगाकर व तीन अवैध वाहनों को सुपरदारी पर छोड़ा गया। अवैध वाहनों पर लगभग 2 लाख 14 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। उन्होंने बताया कि फरवरी व मार्च में अवैध खनन व परिवहन से संबंधित तीन एफआईआर दर्ज की गईं। गांव लिखी में मिट्टी की अवैध खुदाई पर लगभग 71 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। उन्होंने कहा कि जिला में अवैध खनन के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है।