पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। साइबर ठगों ने निवेश के नाम पर मुनाफे का झांसा देकर नांगल जाट निवासी किसान दलीप सिंह से 7.25 लाख रुपये ठग लिए। जब किसान ने रकम वापस मांगी तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपी लखनऊ निवासी विनोद सासन व यसावी सासन बताए गए हैं। साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित दलीप सिंह के अनुसार, उन्होंने फेसबुक पर निवेश करने पर मुनाफा कमाने का एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर ठगों ने खुद को एक पोर्टल का संचालक बताया और कहा कि वे पिता-पुत्री मिलकर काम करते हैं। भरोसा दिलाने के लिए ठगों ने बताया कि उनके पिता रेलवे के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं।
ठगों ने दलीप को एक लिंक भेजकर यूजर आईडी बनवाई। 24 फरवरी को पीड़ित ने आरटीजीएस के माध्यम से 5 लाख रुपये पोर्टल पर ट्रांसफर किए। पोर्टल पर 2 लाख रुपये का मुनाफा दिखाया गया। इसके बाद 28 फरवरी को किसान ने 1 लाख रुपये आरटीजीएस और 1.25 लाख रुपये फोन पे से भेजे। ठगों ने इस बार 3.5 लाख रुपये का मुनाफा दिखाया।
8 मार्च को जब दलिप ने 12 लाख रुपये निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने टैक्स के नाम पर 7 लाख रुपये और मांगे। इसके बाद 16 अप्रैल को उसका पोर्टल अकाउंट बंद कर दिया गया। साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।