पलवल। शहर थाना क्षेत्र में आगरा चौक पर एचडीएफसी बैंक के सामने तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया। शहर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार के अनुसार, सावला विहार निवासी घायल दीपक कुमार ने बताया कि चार नवंबर की सुबह वह अपनी पत्नी सबीता को स्कूल छोड़ने स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान आगरा चौक पर पीछे से आए डंपर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद उसने दो निजी अस्पताल और सरकारी अस्पताल में उपचार कराया। शुक्रवार को उसकी एमएलआर तैयार हुई। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।