होडल। हसनपुर थाना पुलिस ने नगला मोहम्मदपुर निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर दो युवकों के खिलाफ उसके पुत्र पर फायरिंग कर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। घटना 10 जनवरी की बताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव निवासी केसरदेव ने शिकायत में बताया कि 10 जनवरी को उसके पुत्र गुलशन के पास फोन आया और वह गुलावद चौक पर जाने की बात कहकर घर से निकला। थोड़ी देर बाद सूचना मिली कि गुलशन पर फायरिंग कर उसे घायल कर दिया गया है। शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से गुलावद चौक पर बने कमरे में रखा और इलाज के लिए किसी को भी नहीं ले जाने दिया। बाद में वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ वहां पहुंचे और सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से निजी अस्पताल में लग गए। पुलिस ने चंद्र निवासी बल्लभगढ़ व रोहतास निवासी गुलावद के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद