फिरोजपुर झिरका में 45 करोड़ से 20, पुनहाना में 27 करोड़ से 17 और तावडू में 25 करोड़ रुपये से बनेंगी 20 सड़कें
रिजवान खान
नूंह। जिले में जर्जर सड़कों के कारण परेशानी झेल रहे लोगों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। जिले के चार खंडों में 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 89 सड़कों का निर्माण, चौड़ीकरण और मरम्मत कराई जाएगी। इस योजना पर करीब 112 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सड़कों के सुधरने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों की हालत बेहतर हो सकेगी। योजना में कई ऐसे रास्ते भी शामिल हैं, जिन पर सीमेंट कंक्रीट (लेंटर) और तारकोल से निर्माण कराया जाएगा।
खंडवार बजट के अनुसार, फिरोजपुर झिरका में 20 सड़कों पर करीब 45 करोड़ रुपये, पुन्हाना में 17 सड़कों पर 27 करोड़ रुपये, नूंह में 12 सड़कों पर 15 करोड़ रुपये और तावडू में 20 सड़कों पर लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। हालांकि, इन आंकड़ों के आधार पर कुल 69 सड़कें ही स्पष्ट होती हैं, इसलिए शेष 20 सड़कों और उनके बजट का विवरण स्पष्ट होना बाकी है।
फिरोजपुर झिरका : सबसे अधिक राशि होगी खर्च
फिरोजपुर झिरका खंड में सबसे अधिक करीब 45 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां नगीना से करहेड़ा तक करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण होगा। इस मार्ग को लेंटर और तारकोल से तैयार किया जाएगा। गोकलपुर से नीमखेड़ा जाने वाले रास्ते पर सीमेंट कंक्रीट का निर्माण कराया जाएगा। सुगरपुर से हेबतका तक करीब 600 मीटर लंबे रास्ते का चौड़ीकरण कर तारकोल बिछाया जाएगा। इसके अलावा नाई नंगला से बसई खानजादा तक ढाई किलोमीटर से अधिक लंबे रास्ते को चौड़ा कर तारकोल से बनाया जाएगा। अकीलमपुर नूंह से उलेटा तक करीब एक किलोमीटर लंबे मार्ग का भी चौड़ीकरण और निर्माण कराया जाएगा। इन सड़कों के बनने से संबंधित गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
पुन्हाना : सिंगार से नई तक बनेगी सड़क
पुनहाना खंड में 27 करोड़ रुपये की लागत से 17 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इनमें सिंगार से नई गांव तक जाने वाली चार किलोमीटर लंबी सड़क प्रमुख है। बिछोर से नवलगढ़ तक दो किलोमीटर से अधिक लंबे रास्ते का भी निर्माण होगा। सुल्तानपुर से जालिका जाने वाली करीब 200 मीटर सड़क को उखाड़कर दोबारा बनाया जाएगा। इसके अलावा पापड़ा से पिनगवां और अकबरपुर से झारपुड़ी जाने वाले मार्गों को भी निर्माण योजना में शामिल किया गया है।
नूंह : गोलपुरी से कोंतलाका तक की सड़क होगी चौड़ी
नूंह खंड में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 12 सड़कों पर काम कराया जाएगा। जोगीपुर-हथीन रोड से धंधुका को जोड़ने वाले 400 मीटर से अधिक लंबे रास्ते की मरम्मत की जाएगी। घासेड़ा से नूंह-पलवल रोड तक जाने वाले दो किलोमीटर से अधिक लंबे मार्ग का चौड़ीकरण कर तारकोल से निर्माण होगा। गोलपुरी से कोंतलाका तक करीब ढाई किलोमीटर लंबे रास्ते को भी चौड़ा कर बनाया जाएगा।
तावडू खंड में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से 20 सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें मोहम्मदपुर से बेरी गांव तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा रास्ता, बिस्सर से बेरी गांव को जोड़ने वाला करीब ढाई किलोमीटर लंबा मार्ग और भोगीपुर रोड से सूबासेड़ी जाने वाली सड़क शामिल है।
निर्माण की गुणवत्ता पर रहेगी नजर
सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को जर्जर रास्तों, गड्ढों और खराब आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, लोगों को वास्तविक राहत तभी मिलेगी, जब निर्माण कार्य समय पर पूरे हों और सड़कों की गुणवत्ता बरकरार रखी जाए। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इन कार्यों को कब शुरू कराता है और निर्धारित मानकों के अनुसार कब तक पूरा करता है।
वर्जन
सभी सड़कों के निर्माण कार्य का टेंडर हो चुका है। जल्द ही ज्यादातर साइटों पर काम शुरू हो जायेगा। सरकार की कोशिश है कि हर गांव तक पक्की सड़कें हो। इसी उद्देश्य से काम को तेजी से किया जा रहा है।
- तपेश कुमार, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, नूंह