मेवात। पूर्व गृहमंत्री गोपाल गोयल कांडा मामले को लेकर मेवात जिले का वैश्य समाज उनके समर्थन में आगे आया है। समाज के लोगों ने मामले की0 निष्पक्ष जांच कराने तक कांडा के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं किए जाने की मांग की है। समाज ने चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं करने का विरोध किया जाएगा। इस संबंध में शुक्रवार को नूंह में समाज के प्रमुख लोगों की एक अहम बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता अग्रवाल समाज मेवात के संरक्षक लाला सुखन लाल ने की।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि गोपाल गोयल कांडा समाज के प्रतिष्ठित व्यक्ति हैं। उन्हें राजनीतिक कारणों से फंसाने की कोशिश की जा रही है। इसे वैश्य समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। अग्रवाल समाज मेवात के संरक्षक लाला सुखन लाल ने कहा कि दो स्यूसाइड नोट मिलने से मामला अपने आप राजनीतिक हो जाता है। उन्हाेंने कहा, पहले दोनों नोटों की असलियत की जांच की जाए उसके बाद कांडा के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
अग्रवाल समाज मेवात के प्रधान विपिन जैन एडवोकेट ने कहा वह हरियाणा और दिल्ली सरकार के अलावा दिल्ली पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं। वैश्य समाज के संसदीय कार्यमंत्री पवन बंसल से भी निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई गई। विरेंद्र कुमार पूर्व वाइस चेयरमैन मार्केट कमेटी नूंह और हरिकिशन गुप्ता अग्रवाल समाज नूंह के संरक्षक ने कहा, बिना निष्पक्ष जांच कराए कांडा को गिरफ्तार किया गया तो समाज चुप नहीं रहेगा। पूरे हरियाणा में समाज के लोग विरोध करेंगे।
इस मौके पर नरेंश गर्ग प्रधान, विष्णु सिंगला, अनुज कुमार, संननी बंसल पार्षद, प्रवीन उर्फ लाला, नीरज सिंगला, नरेंद्र पटेल और महेश बंसल के अलावा वैश्य समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद थे।