हसनपुर। हसनपुर थाना पुलिस ने पांच दिन पूर्व गांव भिडूकी में खेत में कूढ़ा डालने का विरोध करने पर हुई एक व्यक्ति की हत्या के चार आरोपियों में से बृहस्पतिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य दोनों की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर ले लिया है।
पांच अगस्त को गांव भिडूकी निवासी कुमरपाल भिडूकी-ऐंच रोड पर अपने खेतों पर गया था। उसने गांव के ही निवासी गिर्राज को अपने खेत में कूढ़ा डालने से मना किया तो गिर्राज व कुमरपाल के बीच झगड़ा बढ़ गया। गिर्राज ने अपने बेटे जोगेंद्र, सिकंदर व हरेंद्र को बुला लिया और चारों बाप-बेटों ने कुमरपाल की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बाद में शव को खेतों में फेंक दिया था। पुलिस ने बाप-बेटों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। हसनपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को हत्यारोपी गिर्राज व उसके बेटे जोगेंद्र को गिरफ्तार कर शुक्रवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों बाप-बेटे को एक दिन की रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस बाप-बेटे से पूछताछ करने में जुटी हुई है। वहीं पुलिस हत्या में लिप्त अन्य उसके दोनों बेटों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।