दहेज उत्पीड़न के दो मामलों में 11 के खिलाफ मुकदमा
पलवल। शादी में नकदी, कार व बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर दो विवाहिताओं को अलग-अलग जगह से प्रताड़ित कर व धमकी देकर घर से निकालने के मामले प्रकाश में आए हैं। सदर थाना पुलिस ने पीड़िताओं की शिकायतों पर उनकी सुसराल पक्ष के 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सदर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि गांव फिरोजपुर निवासी नेहा ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी शादी गांव कपना जिला बुलंदशहर (यूपी) विष्णु के साथ हुई थी। शादी में नेहा के पिता ने हैसियत अनुसार दान दहेज भी दिया था। लेकिन पीड़िता के सुसराल पक्ष के लोग उस दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और शादी के बाद से ही पांच लाख रुपये नगद व एक कार की मांग करने लगे। दहेज लाने में असमर्थता जताने पर पीड़िता को उसके पति, देवर महेश, ननद आशा व रचना, सास ओमवती ने मारपीट कर व जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया और दहेज लाने पर ही वापस घर आने को कहा। इसी प्रकार गांव दुधौला निवासी उषा ने शिकायत दर्ज कराई है कि बाइक व 50 हजार रुपये की नकदी की मांग को लेकर उसे नूंह (मेवात) निवासी पति महेश, जेठ अशोक, देवर जोगेंद्र, ससुर रोहताश, जेठानी मंजू व ननंद ममता ने प्रताड़ित कर व धमकी देकर से निकाल दिया और दहेज लाने पर ही वापस घर आने को कहा। पुलिस ने पीड़िताओं की शिकायतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप
पलवल। कक्षा 12वीं की छात्रा को शादी का झांसा दे बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला प्रकाश में आया है। कैंप थाना पुलिस ने छात्रा के पिता की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि एक पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी 17 वर्षीय बेटी शहर के निजी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती है। प्रतिदिन की तरह पीड़ित की बेटी गत 16 फरवरी की सुबह घर से स्कूल गई थी। लेकिन देर शाम तक भी वापस घर नही आई। पीड़ित का आरोप है कि गांव जनौली निवासी कुलदीप बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।